अच्छे गीत और फिल्में नौजवानों को सही रास्ते पर ला सकती हैं : चन्नी (Chief Minister Lays Foundation Stone Of Film City)

 


मुख्यमंत्री ने पंजाब फि़ल्म सिटी का नींव पत्थर रखा

इनवैस्ट पंजाब और बिजनेस फर्स्ट के अंतर्गत पी एफ सी एंटरटेनमेंट वर्ल्ड प्राईवेट लिमटिड द्वारा बनाई जा रही है फि़ल्म सिटी

    (CM Lays Foundation Stone Of Film City)


फिल्में समाज का मार्ग दर्शन करने का बहुत बढ़िया माध्यम हैं, फिल्मों में कलाकार अपने अभिनय द्वारा फिल्मों में किए गए अभिनय और कहानी में कही गई बात का नौजवानों पर बहुत प्रभाव पड़ता है। अच्छे गीत और अच्छी फिल्में नौजवानों को अच्छे मार्ग पर डाल कर राज्य की तरक्की में अहम योगदान डाल सकती हैं। 

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने फतेहगढ़ साहिब मोहाली रोड पर गांव मुकारोंपुर के नज़दीक इनवैस्ट पंजाब और बिजनेस फर्स्ट के अंतर्गत पी एफ सी  एंटरटेनमेंट वर्ल्ड प्राईवेट लिमटिड द्वारा बनाई जाने वाली फि़ल्म सिटी का नींव पत्थर रखते हुए एक कार्यक्रम में ये विचार रखे। उन्होंने कहा कि पी एफ सी एंटरटेनमेंट वर्ल्ड प्राईवेट लिमटिड द्वारा किया गया प्रयास सराहनीय है।


उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार भी करीब 400 एकड़ में फि़ल्म सिटी बनाने जा रही है तथा पंजाब में फि़ल्म इंडस्ट्री को प्रफुलित करने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी और पंजाब सरकार की तरफ से कलाकारों और फि़ल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को पूर्ण सहयोग दिया जायेगा। 


इस अवसर पर पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखजिन्दर सिंह रंधावा ने कहा कि राज्य की तरक्की के लिए पंजाब सरकार द्वारा हर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में अच्छी फिल्में और अच्छे गीतों को उत्साहित किया जाए, जिससे नौजवानों को सही राह मिले। उन्होंने कहा कि फि़ल्म इंडस्ट्री और कलाकारों की सुरक्षित जि़म्मेदारी पंजाब सरकार की है और इस संबंधी कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी और फि़ल्म इंडस्ट्री बेफिक्र होकर अपना काम कर सकती है। 


विधायक गुरप्रीत सिंह ने कहा कि बसी पठाना में बड़ी संख्या में फिल्मों की शूटिंग होती रहती है जिससे रोजग़ार के मौके पैदा होते हैं और फि़ल्म सिटी बनने से जहां फि़ल्म इंडस्ट्री प्रफुलित होगी वही हलका बसी पठाना की तरक्की भी रफ्तार पकड़ेगी। 


पी एफ सी एंटरटेनमेंट वर्ल्ड प्राईवेट लिमटिड के कार्यकारी डायरैक्टर इकबाल सिंह चीमा ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि पिछले कई सालों में पंजाबी फि़ल्म और संगीत उद्योग कैसे बढ़ा है। यह इसलिए भी जरूरी है कि पंजाबी फि़ल्म और संगीत उद्योग का चंडीगढ़ के नज़दीक अपना स्थायी आधार हो, जिसको उद्योग अपना घर कह सके। इसी मकसद के साथ ही पंजाब फि़ल्म सिटी के प्रोजैक्ट की कल्पना की गई है।


पंजाब फि़ल्म सिटी पंजाबी फिल्मों और संगीत एलबमों के निर्माताओं को व्यापक बुनियादी ढांचा तैयार करके नए मौके प्रदान करवाएगी। पंजाब फि़ल्म सिटी सबसे पहले प्रोफेशनल तौर पर पूरी तरह से प्रबंधित फि़ल्म सिटी जिसमें शूटिंग फेलर, बैक लाट, शूटिंग रेंज, थीमड और जनरल सैट होंगे। इसके साथ-साथ साजो-सामान, टैक्नीशियन और शूटिंग की सुविधाएं प्रदान करेगी।


इसके अलावा, पंजाब फि़ल्म सिटी रिहायश, बोर्डिंग और सहायक सेवाओं की भी सुविधा देगी, इस प्रोजैक्ट के विकास के पीछे विचार नौजवानों के लिए रचनात्मक क्षेत्रों में कॅरियर बनाने के लिए नयी दिशाओं को खोलना भी है।


फि़ल्म सिटी प्रोडक्शन हाऊसों, कलाकारों आदि को उनके प्रोजेक्टों को कुशलता से चलाने के लिए सुरक्षित और विशेष काम स्थान भी प्रदान करेगी। पंजाब फि़ल्म सिटी एक गेटड प्राईवेट जगह होगी जो प्रोडक्शन हाऊसों के लिए अपेक्षित गोपनीयता को यकीनी बनाएगी।

इस अवसर पर कृषि और किसान कल्याण मंत्री रणदीप सिंह नाभा, कैबिनेट मंत्री राज कुमार वेरका, मुख्यमंत्री के विशेष प्रमुख सचिव राहुल तिवाड़ी, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के सचिव कमल किशोर यादव, अतिरिक्त सचिव सूचना एवं लोक संपर्क विभाग सेनू दुग्गल, डिप्टी कमिशनर पूनमदीप कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में कलाकार उपस्थित थे।


Comments