CHANDIGARH DUSSEHRA CELEBRATION : रावण का घटा कद और पटाखे भी हुए नदारद
रावण का घटा कद और पटाखे भी हुए नदारद
| चंडीगढ़ में जलेगा 25 फीट का रावण |
सेक्टर 46 की श्री सनातन धर्म दशहरा कमेटी इस बार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व सांकेतिक तौर पर मनाने जा रही है। शुक्रवार को दशहरा पर्व पर सेक्टर-46 स्थित सब्जी मंडी में शाम पांच बजे रावण दहन किया जाएगा। कमेटी के चीफ पैटर्न जतिंदर भाटिया ने कहा कि इस बार शहर में पटाखों पर पाबंदी लगा दी गई है। ऐसे में सांकेतिक तौर पर 25 फीट ऊंचे रावण का पुतला तैयार किया गया है ,एवं पुतले में पटाखे नहीं लगाए गए हैं।
जतिंदर भाटिया ने कहा कि हर बार सेक्टर-46 का दशहरा ट्राईसिटी में आकर्षण का केंद्र रहता था तथा 95 फीट का रावण एवं 70-70 फीट के कुंभकर्ण एवं मेघनाथ के पुतले जलाये जाते थे, परंतु इस बार ज्यादा बड़े पुतलों का निर्माण नहीं किया गया है। इस बार प्रशासन ने रावण दहन की अनुमति ही 12 अक्टूबर को दी थी, जिस कारण सिर्फ रावण और कुंभकर्ण का पुतला ही बनाया जा रहा है और उनका ही दहन होगा। मेघनाद को कागज पर बनाकर आग लगाई जाएगी।
दहन से पहले निकाली जाएगी शोभायात्रा
सेक्टर-46 में होने वाले रावण दहन से पहले शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसमें भगवान श्रीराम से जुड़ी झांकियों को दिखाया जाएगा। झांकियों में भगवान श्रीराम के राजतिलक की घोषणा से लेकर वनवास गमन, रावण- जटाऊ संवाद, परशुराम- लक्ष्मण संवाद, अंगद-मेघनाद संवाद सहित रावण और शनि की झांकियां भी दिखाई जाएगी। झांकियों के दौरान महिला संकीर्तन मंडली भी मौजूद रहेगी जो कि भगवान श्रीराम का भजनों से गुणगान करेगी। कार्यक्रम का आरंभ शाम चार बजे हो जाएगा जो कि शाम छह बजे तक खत्म कर दिया जाएगा।
Comments
Post a Comment