देश विदेश के श्रेष्ठ व्यंग्यकारों के संकलन में ट्राइसिटी के व्यंग्यकार प्रेम विज व गुरमीत बेदी शामिल
चंडीगढ़, 18 अगस्त ( हेमा शर्मा ) : ट्राइसिटी के जाने-माने व्यंग्यकार प्रेम विज व गुरमीत बेदी को 21वीं सदी के 131 श्रेष्ठ व्यंग्यकारों के संकलन में शामिल किया गया है, इस संकलन का लोकार्पण आगामी 2 अक्तूबर को गांधी जयंती के दिन राजधानी दिल्ली में किया जाएगा।
देश के वरिष्ठ व्यंग्यकार नेशनल बुक ट्रस्ट के संपादक डॉ लालित्य ललित एवं जाने-माने व्यंग्यकार एवं व्यंग्य-समालोचक डॉ. राजेश कुमार ने इस संकलन का संपादन तथा व्यंग्यकारों का चयन किया है। प्रलेक प्रकाशन समूह, मुंबई, महाराष्ट्र ने 21वीं सदी के श्रेष्ठ व्यंग्यकार विषयक मेगा योजना इस जुलाई में प्लान की थी, जिसमें देश के साथ विदेशों के भी व्यंग्यकारों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसमें ऑस्ट्रेलिया, कनाडा एवं न्यूजीलैंड के व्यंग्यकार भी शामिल हैं।
प्रलेक प्रकाशन समूह के निदेशक, जितेंद्र पात्रो ने बताया कि इस योजना में लगभग 131 व्यंग्यकारों की रचनाओं को शामिल किया गया है, जिनमें ट्राइसिटी के व्यंग्यकार प्रेम विज व गुरमीत बेदी भी शामिल किए गए हैं । उन्होंने कहा कि इन दोनों व्यंग्यकारों ने साहित्य की हर विधा में लेखन करके साहित्य जगत को समृद्ध किया और व्यंग्य लेखन में खास तौर पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।


Comments
Post a Comment