किड्स, वायु एंड कोरोना कॉमिक्स से जटिल बातों को बच्चे सीख रहे हैं आसानी से ( हेमा शर्मा )
कोरोना के चलते सबसे ज्यादा परेशान यदि कोई है तो वे हैं बच्चे, जो न तो स्कूल जा पा रहे हैं और न ही किसी अन्य एक्टीविटी में जा पा रहे हैं, बस घर की चारदीवारी में ही कैद हो गया है उनका बचपन, यहां तक कि जिस पार्क में वे रोज अपने दोस्तों के साथ खेलते थे, वहां भी जाने और खेलने की उन्हें मनाही है और बच्चे इस सिचुएशन को पूरी तरह से समझ नहीं पा रहे हैं। कोविड-19 से संबंधित उनके मन में अनेक सवाल उठते हैं, परंतु बहुत से सवालों के जवाब उनके बाल मन में समाते ही नहीं हैं और बच्चों को ऐसी ही ऐसी उलझनों से बाहर निकालने और कुछ नया सीखने के लिए पीजीआई एवं पीयू ने किड्स, वायु एंड कोरोना कॉमिक्स का तीसरा संस्करण तैयार किया है, जिसमें बच्चों के मन में उठते सारे सवालों के जवाब दिए गए हैं।
देखा जाए तो इस समय बच्चों को खास केयर की जरूरत है, जिसे यह कॉमिक पूरी कर रही है।
पंजाब यूनिवर्सिटी की पर्यावरण विभाग की डॉ. सुमन मोर का कहना है कि इससे पहले कॉमिक के दो भाग रिलीज हो चुके हैं तथा तीसरा भाग खास तौर पर कोरोना वारियर्स को समर्पित किया गया है। कॉमिक्स में बताया गया है कि किन लोगों को हम कोरोना वॉरियर्स कहते हैं तथा एमरजेंसी के इस दौर में वे हमारे लिए क्या कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कॉमिक की भाषा काफी सिंपल है, इससे बच्चे नए शब्द सीख सकते हैं , इससे उन्हें वायरस के फैलने तथा उससे बचने के तरीके पता चलते हैं , हाथों को सही तरह से कैसे धोया जाना चाहिए, अभिवादन कैसे किया जाना चाहिए एवं सोशल डिस्टेंस कैसे मैंटेन किया जा सकता है । इसके अलावा क्रिएटिव वर्क, ऑन लाईन स्टडी तथा आरोग्य सेतु किस तरह से हमारे लिए मददगार साबित हो सकता है। पीजीआई के स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के एडिशनल प्रोफेसर रविंद्र खैवाल का कहना है कि कॉमिक्स में जटिल बातों को बहुत ही आसान शब्दों एवं कार्टून कैरेक्टर के माध्यम से समझाया गया है।
वायु एक सुपर हीरो है, जो व्हाइट शर्ट एवं ब्लू कैप में रहता है, यह 12 साल तक के बच्चों को कोरोना एवं बीमारियों के बारे में तो बताता ही है, साथ ही उनसे बचने के तरीके भी बताता है, अब जबकि कुछ समय बाद मानसून आने वाला है, तो इससे मच्छर जनित बीमारियां भी बढ़ेंगी, परंतु इससे बच्चे उन सबसे बचने के तरीके भी जान सकते हैं। यह कॉमिक ऑन लाईन अवेलेबल है।
हेमा शर्मा, चंडीगढ़


Comments
Post a Comment